रायबरेली जनपद के बहादुरपुर सरेनी निवासी ज्योती सिंह (24) पुत्री राजीव सिंह की डेढ़ साल पहले शहर के बंधुहार निवासी संजीव कुमार सिंह पुत्र मुन्नू सिंह से शादी हुई थी। मृतका के ससुर मुन्नू सिंह मियागंज ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख भी रह चुके हैं। जबकि पति संजीव सिंह का शहर में ही गेस्ट हाउस है। तीन महीने पहले ज्योती ने एक बेटी को जन्म दिया था। मंगलवार को ज्योति घर में दादी देवकली व तीन माह की बेटी के साथ मौजूद थी।
दादी देवकली ने बताया कि दोपहर दो बजे ज्योती ने उसे खाना खिलाया और फिर अपने कमरे में चली गई। कुछ मिनट बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। वह जब कमरे में पहुंची तो बेड के पास ज्योती खून से लथपथ पड़ी थी। पड़ोसियों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी तो पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में दो घंटे का वक्त लग गया। शाम 4 बजे सिविल लाइंस चौकी प्रभारी अमर सिंह पहुंचे।
शहर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा, सीओ सिटी उमेश चंद्र त्यागी ने घटनास्थल पर पहुंच जांच की। कुछ देर बाद डॉग स्कवॉड व फील्ड यूनिट से भी जांच कराई गई। टीम ने ज्योती सिंह के कमरे से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को बेड पर एक रिवॉल्वर मिला। रिवॉल्वर के ऊपर लाल रंग का एक कपड़ा पड़ा था। ड्रेसिंग टेबल से पुलिस को मृतका की एक डायरी मिली जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह डायरी मृतका ज्योति की है। जिसमें उसने अपने जीवन व परिवार से जुड़ी कई बातें लिखी हैं। सूत्रों के मुताबिक डायरी में लिखी बातें ज्योति की हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। फिलहाल डायरी को पढ़ने और बातें समझने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने मृतका की दादी सास देवकली से पूछताछ की। सीओ सिटी उमेश चंद्र त्यागी ने बताया कि ज्योति के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मूल रूप से रायबरेली जिले के बहादुरपुर सरेनी निवासी मायके वाले दिल्ली के जहांगीरपुर में रहते हैं।
सीओ सिटी ने बताया कि मृतका ज्योति का पति संजीव कुमार, ससुर मुन्नू सिंह, सास, जेठ लिंकन, जेठानी विनीता घर में नहीं मिले हैं। उनका भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही खोज लिया जाएगा। ज्योति के परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।