कानपुर देहात। अकबरपुर में तैनात वन रेंजर ने पौधशाला में एक पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वह इटावा जिले के रहने वाले थे।
मूल रूप से विरौंधी भरथना जिला इटावा निवासी सुदामा लाल (59) अकबरपुर में रेंजर के पद पर तैनात थे। वो अकबरपुर में सरकारी आवास में रहते थे। उनका परिवार दिबियापुर औरैया में रहता है। दिबियापुर में उन्होंने मकान बना रखा है। मंगलवार को पौधशाला की निगरानी करने पहुंचे वन कर्मियों ने रेंजर का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
इस पर डीएफओ एके द्विवेदी, सीओ अकबरपुर अरुण कुमार सिंह, कोतवाल विनोद कुमार पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए। घटना की जानकारी पर मृतक के भाई गिरीशचंद्र व बेटा विनय प्रताप पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग आया है। कोतवाल विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि रेंजर ने आत्महत्या की है लेकिन इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।