चित्रकूट जिले में शहर से सटे वन क्षेत्र के जंगलों में आग धधक गई। आग पर फायर ब्रिगेड की चार टीमों और वन विभाग के 150 कर्मचारियों ने साथ मिलकर काबू पाया। वहीं ग्रामीण अभी भी आग सुलगने की बात कह रहे हैं। डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे। मौसम का यही हाल रहा तो आग की लपटें फिर बढ़ सकती हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
पिछले कई दिनाें से जंगलों में लगी आग मंगलवार मुख्यालय से सटे पहाड़ों की ओर बढ़ रही थी। जिसे बुझाने का प्रयास जारी था। बुधवार की सुबह कई पहाड़ों पर एकदम आग की लपटें दूर से ही दिखने लगीं। यह आग पुलिस लाइन से लेकर आसपास की बस्ती तक पहुंचने की सूचना पर डीएम विशाख जी अय्यर व एसपी मनोज कुमार झा पूरी टीम के साथ पुलिस लाइन पहाड़ के पास पहुंचे।
इसके बाद पूरी टीम कोलगदहिया, खोह, रेहुटिया व पुलिस लाइन के ऊपर पहाड़ों पर लगी आग का निरीक्षण करने जंगल की ओर गई। टीम में वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे। जिलाधिकारी ने उप प्रभागीय वनाधिकारी संजय अग्रवाल को निर्देश दिए कि पिछले तीन दिनों से कई गांवों के ऊपर पहाड़ पर आग लगने से ग्रामीण काफी चिंतित हैं। कई निर्देश के बावजूद वन विभाग ने सही कदम नहीं उठाए हैं ऐसे में यदि किसी प्रकार की कोई घटना किसी गांव में घटित होती है तो इसका जिम्मेदार वन विभाग को माना जाएगा।