सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी के कैलाश नगर सेक्टर पांच स्थित मकान की छत पर सो रहे फोरमैन बुधवार रात को दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। पुलिस उनको मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर आए परिजन ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के यादव की मठिया निवासी मदन लाल (55) जैनपुर की एक पेपर मिल में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। वह जैनपुर ग्रोथ सेंटर स्थित कैलाश नगर के सेक्टर पांच में शिवम सिंह के मकान के प्रथम तल पर रहते थे। बुधवार रात 11:30 बजे के करीब मदन लाल छत से गिर गए। पड़ोसियों ने उन्हें नीचे पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस उनको मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर मृतक की पत्नी स्नेहलता, बेटे राघव, मयंक, बेटी रोली, स्वाती रोने लगी। मदन लाल के बेटे राघव ने बताया कि पिता घर से करीब 15 फीट दूर पड़े थे। छत से इतनी दूर गिरना संभव नहीं है। बेटे का आरोप है कि किसी ने पिता को छत से धक्का दिया है। गजनेर थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।