गंगा बैराज किनारे बस रही ट्रांसगंगा हाईटेक सिटी समेत इलाहाबाद की सरस्वती हाईटेक सिटी और परफ्यूम पार्क, कन्नौज योजना में विदेशी निवेश हो सकता है। अगले माह ब्रिक्स देशों से जुड़े उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल इन औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा करेगा। 12 से 14 अक्तूबर तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे ब्रिक्स ट्रेड फेयर से लौटे अधिकारियों ने इसकी उम्मीद जताई है। अधिकारियों ने फेयर में निगम की इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया था।
निगम की ट्रांसगंगा, सरस्वती और परफ्यूम पार्क योजनाएं हाईटेक शैली में विकसित की जा रही हैं। यह सिटी यूरोपियन शैली में विकसित होंगी। इसमें इंडस्ट्रियल, रेजिडेंशल, कामर्शियल और रिक्रिएशनल जोन बसाए जाएंगे। ऑटो, आईटी, बीपीओ, बैंकिंग सेवाओं के हब के साथ ही यहां मॉल-मल्टीप्लेक्स, होटल, फूड कोर्ट होंगे। निगम अफसरों ने इन्हीं खूबियों को विदेशी उद्यमियों और निवेशकों के बीच प्रचारित किया।
निगम के एमडी अमित कुमार घोष ने बताया कि ब्रिक्स देशों के उद्यमियों और निवेशकों ने निगम की परियोजनाओं के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है। अगले माह इन देशों के उद्यमियों-निवेशकों का प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए आ सकता है।