कानपुर में पिछले साल भारी बारिश और ओला-वृष्टि से पीड़ित किसानों के लिए 50.79 करोड़ रुपये की राहत राशि आ गई है। शासन ने अब पीड़ितों के लिए दूसरी किस्त जारी की है। कानपुर देहात के किसानों को भी 48.02 करोड़ रुपये राहत राशि मिली है।
2015 में जिले में चार लाख 77 हजार 227 किसानों की तैयार फसल बर्बाद हो गई थी। किसानों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने सरकार से 123 करोड़ रुपये की मांग की थी। शासन ने 89.57 करोड़ रुपये पहले ही जारी कर दिया था। अब मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दूसरी किस्त जारी होने की जानकारी दी है।
किसानों को 2200 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से राशि वितरित की जाएगी। न्यूनतम कृषि क्षेत्र के लिए न्यूनतम देय राशि एक हजार रुपये होगी। राशि बैंक खाते में न रखकर तुरंत किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
बिल्हौर तहसील में राहत राशि पहले ही बांट जा चुकी है। अब सदर और घाटमपुर तहसील के किसानों राशि दी जाएगी। चूंकि पहले नर्वल तहसील नहीं बनी थी इसलिए यहां के प्रभावित किसानों को भी राहत राशि मिलेगी। कानपुर देहात के चार लाख 17 हजार 927 किसान प्रभावित हुए थे। कानपुर देहात को पहले 114.03 करोड़ रुपये की पहली किस्त मिल चुकी थी। अब 48.02 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त मिली है।