कानपुर पनकी थाना क्षेत्र रतनपुर इलाके में घर के अंदर से लापता हुई जबरन धर्मपरिवर्तन की पीड़िता को पुलिस ने शनिवार को कन्नौज से खोज निकाला। शाम को बेटी को लेने थाने पहुंचे परिजनों के साथ युवती ने जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे नारी निकेतन भेज दिया गया।
वहीं, युवती के लापता होने से संबंधित किसी सवाल का जवाब पनकी पुलिस नहीं दे सकी, जो अपने आप में पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाता है। पनकी रतनपुर कॉलोनी से दो सगी बहनों से झूठ बोल कर उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसाने और उनका जबरन धर्मपरिवर्तन कराने के आरोपी जूही लाल कॉलोनी निवासी मो. मोसीन खान उर्फ समीर और मो. आमिर को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था।
दोनों युवतियों को परिजनों के हवाले कर दिया गया था। 16 सितंबर को बड़ी बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। इसकी खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पिता ने जबरन धर्मपरिवर्तन कराने वाले आरोपियों पर ही बेटी के अपहरण का आरोप लगाया था। शुक्रवार को पुलिस ने युवती को कन्नौज से बरामद तो कर लिया, लेकिन पुलिस यह सफलता कैसे मिली इस बात से रहस्य नहीं उठा सकी।