कानपुर के किदवई नगर में हुए जबरन धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस एफआईआर स्पंज करने की फिराक में है। शालिनी से फिजा बनी युवती के तीस हजारी कोर्ट में दर्ज बयान के चलते पुलिस बैकफुट पर आ चुकी है। किदवई निवासी फैसल नाम के युवक के बर्रा निवासी शालिनी से प्रेम संबंध थे।
दोनों ने घर से भागकर शादी की थी। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से बरामद किया था। जहां दोनों ने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज दिखाए थे। इधर शालिनी के परिजनों ने किदवई नगर थाने में फैसल के खिलाफ दस लाख की चोरी समेत जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई थी।
मामले में कई हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की थी। एसपी साउथ दीपक भूकर ने बताया कि जबरन धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस दोनों को तलाश रही थी। इसी बीच दोनों ने दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए हैं।
युवती ने अपनी इच्छा से शादी करने और बिना दबाव के धर्म बदलने के बयान दिए हैं। दोनों बालिग हैं, और मामले की जांच एसआईटी कर रही है। फिलहाल पुलिस शालिनी के परिजनों द्वारा दर्ज कराए मुकदमे में कोई कार्रवाई नहीं करेगी। जल्द ही युवती के 164 के बयान के आधार पर कानूनी सलाह लेने के बाद मुकदमा स्पंज किया जाएगा। जिसका बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है।