नमूने सील करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में लखनऊ की खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार शाम वीआरएस फूड्स (पारस ब्रांड) की फैक्टरी में छापा मारकर एक्सपायरी डेट (बेस्ट बिफोर यूज की तारीख निकलने के बाद) के 4800 किलो मक्खन के पैकेट बरामद किए। टीम की अगुवाई कर रहीं सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त शशि पांडेय ने गत्तों की गिनती कराने के बाद फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया। टीम ने मक्खन के चार नमूने भी जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में बांके बिहारी कोल्ड स्टोर को वीआरएस फूड्स लिमिटेड ने किराए पर ले रखा है। पारस ब्रांड के दुग्ध उत्पाद यहां रखे जाते हैं। साथ ही इसी परिसर में विद्या डेयरी का संचालन भी होता है। शाम छह बजे सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त शशि पांडेय ने मंडलीय खाद्य सुरक्षा आयुक्त नंदलाल यादव, हरदोई के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह गंगवार के साथ फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान मक्खन के पैकेटों की टीम ने जांच की तो पता चला कि अधिकतर मक्खन 26 सितंबर 2017 को पैक किया गया था। पैकेटों पर बेस्ट बिफोर यूज के आगे 12 माह का समय लिखा था।
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त का दावा है कि मक्खन के पैकेट पर दर्ज सूचना के मुताबिक, यह अब एक्सपायरी डेट का हो चुका है। बताया कि 192 गत्तों में 4800 किलो मक्खन बरामद किया गया है। इसके अलावा 2143 गत्तों का मक्खन ऐसा भी था जो एक्सपायरी डेट का नहीं था। इसके भी नमूने लिए गए हैं। बताया कि विद्या डेयरी से दो नमूने भरकर फैक्ट्री परिसर को सीज कर दिया गया है। कंपनी के दुग्ध उपार्जन विभाग के प्रभारी वीवी सक्सेना ने कहा कि मक्खन बिक्री के लिए नहीं था। एक्सपायरी डेट के बाद इससे घी बना लिया जाता है, इसलिए मक्खन के पैकेट फैक्ट्री में रखे हुए थे।