रसूलाबाद। भीखदेव गांव में सरकारी भूमि पर मस्जिद और मकान बनाने के मामले में आठ लोगों को तहसीलदार कोर्ट से नोटिस जारी की गई है। एक सप्ताह पूर्व इन लोगों ने पुलिस टीम पर हमला किया था। चौकी इंचार्ज की पिस्टल, कारतूस व मोबाइल लूट कर पिता-पुत्र फरार हैं।
महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर के निर्देश पर 20 मार्च को पुलिस टीम कहिंजरी के आजाद बख्श की बेटी शाह बेगम को ससुराल भीखदेव ले गई थी। वहां कोर्ट में विचाराधीन मुकदमा वापस लेने को लेकर ससुरालियों ने विवाद के बाद शाह बेगम पर हमला कर दिया था। बचाने में पुलिस टीम पर भी पथराव किया। प्रकरण में शाह बेगम के ससुर रफीक व पति अजमत समेत 13 नामजद व 15 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। अब तक केवल चार आरोपी पकड़े जा सके हैं।
इधर, राजस्व विभाग की टीम ने आरोपियों के मकान व रफीक द्वारा बनवाई गई मस्जिद की भूमि की पैमाइश कराई। नई मस्जिद व रफीक का मकान सरकारी भूमि पर बना मिला। वहीं, जलालुद्दीन, राशिद, वारिस, आबिद, उमर, हमसर व अकरम के खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में वाद दायर किया गया। एसडीएम अंजू वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों को नोटिस जारी की गई है। कोर्ट में सुनवाई के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह बाद भी हत्थे नहीं चढ़े फरार पिता-पुत्र
रसूलाबाद। भीखदेव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में अभी तक पुलिस मुख्य आरोपी रफीक उर्फ हक्कल व उसके बेटे अजमत को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एडीजी के आदेश पर स्वाट टीम समेत पांच टीमें पुलिस टीम पर हमले के आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाई गई हैं। पुलिस टीमों ने औरैया, बिल्हौर व कन्नौज में दबिश दी, लेकिन मुख्य आरोपी व उसका बेटा पकड़े नहीं जा सके। इधर अन्य आरोपी हमसर अली, उसकी पत्नी रेश्मा, बेटियां अमरुन, अफरुन आदि को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि हमले के चार आरोपी व आरोपियों के मददगार छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। (संवाद)