कोहरे के चलते लेट हो रही ट्रेनों से परेशान यात्रियों के लिए राहत की खबर है कि उन्हें ट्रेन की पल-पल की जानकारी रेलवे की ओर से जारी ‘फॉग हेल्पलाइन’ नंबर जारी किए गए हैं। इससे यात्रियों को घर बैठे लेट ट्रेनों की जानकारी इसी नंबर से मिल जाएंगी। उन्हें इस भीषण ठंड में स्टेशन पर बैठकर ठिठुरना नहीं होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि इन दिनों लखनऊ मंडल क्षेत्र भीषण कोहरे की चपेट में है। इस मंडल की ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए विभाग की ओर से ‘फॉग हेल्पलाइन’ के अंतर्गत फोन नंबर जारी किए गए हैं।
इसके तहत लखनऊ मंडल के अंतर्गत चलने वाली सभी ट्रेनों के समय की जानकारी दी जाएगी। इससे यात्रियों को होने वाली परेशानी कम की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि यह फोन नंबर-0522-2234620 और 0522-2234610 हैं। इन पर कोई भी यात्री ट्रेन की जानकारी ले सकता है। इसके अलावा 139 पर कॉल कर यात्री पीएनआर स्टेटस के साथ-साथ अपनी ट्रेन की लोकेशन आसानी से पता कर सकते है।