उन्नाव में तैनात महिला सिपाही से शुक्रवार को ट्रेन में नशेबाजों ने छेड़छाड़ कर दी। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन रुकने पर उसने जीआरपी की मदद से उसे पकड़ा दिया। हालांकि उसके अन्य तीन साथी भाग निकले। पुखरायां की रहने वाली महिला सिपाही वर्दी में राप्ती सागर एक्सप्रेस से कानपुर आ रही थी।
महिला कांस्टेबल के मुताबिक सीट खाली न होने से वह एस-2 कोच में खड़ी होकर मोबाइल चला रही थी। कुछ युवक उसे देखकर सीटी बजाने लगे और बार-बार उसके बगल से आ-जा रहे थे। उसका भाई भी ट्रेन में बैठा था। जब युवकों ने कानपुर आते आते अभद्रता शुरू कर दी तो उसने मोबाइल से जीआरपी को सूचना दी।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन के आते ही पुलिस ने एक को पकड़ लिया, अन्य भाग गए। आरोपी रविशंकर उन्नाव का रहने वाला है। नशे में होने की वजह से उसे सफाईकर्मियों की मदद से माल उठाने वाली ठेलिया में लादकर जीआरपी थाने तक लाया गया। सिपाही ने तहरीर दी है। जीआरपी इंस्पेक्टर राम मोहन राय ने बताया कि आरोपी हिरासत में है और दोनों से पूछताछ कर आरोपों की जांच हो रही है।