शतरंज प्रतियोगिता में अगली चाल सोचते खिलाड़ीI
- फोटो : संस्था
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में सोमवार को उत्तर क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला शतरंज प्रतियोगिता की शुरूआत हुई। 29 अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में 25 विश्वविद्यालयों की 150 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। पहले राउंड में दिल्ली विश्वविद्यालय, पंजाब विवि, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, सीएसजेएमयू और इलाहाबाद विवि ने जीत दर्ज कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. संजय कपूर ने किया। पहले राउंड में पांचों विश्वविद्यालयों ने दो-दो मैच पॉइंट और चार-चार बोर्ड पॉइंट अर्जित किए। वहीं, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय और पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला ने भी जीत के साथ दो-दो मैच पॉइंट हासिल किए। चार विश्वविद्यालयों के बीच मुकाबले ड्रॉ रहे।
बिसात पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। काफी समय लेकर खिलाड़ियों ने प्यादों, घोड़ों और ऊंटों की कुर्बानी देकर बाजी पलटने की कोशिश की। वजीर से राजा को बचाने के प्रयास भी हुए, लेकिन चेकमेट की चालों ने मुकाबलों को निर्णायक मोड़ दिया।
इस दौरान प्रति-कुलपति प्रो. सुधांशु पांड्या, डॉ. वंदना पाठक, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अंशु यादव, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय और डॉ. श्रवण कुमार यादव मौजूद रहे। प्रतियोगिता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में हो रही है। आयोजन में खेल सचिव शुभम हजारिया और टूर्नामेंट समन्वयक सौरभ तिवारी की प्रमुख भूमिका है।