दीपावली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे विशेष ट्रेनें चलवाएगा। मालदा टाउन, मुंबई, दिल्ली, गया और पटना से बिहार व दिल्ली के लिए ये ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें पांच ट्रेनों का ठहराव गोविंदपुरी स्टेशन पर होगा। वहीं, धनबाद-दिल्ली स्पेशल के चार अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे।
मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल (03439/03440) 10 और 11 नवंबर को एक-एक फेरा लगाएगी। गोविंदपुरी पर यह इसका आगमन जाते समय सुबह 6:20 बजे और वापसी में रात 1:30 बजे होगा। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-मुजफ्फरपुर स्पेशल (01081/01082) मुंबई से छह और 10 नवंबर तथा मुजफ्फरपुर से सात और 11 नवंबर को चलेगी। दिल्ली-दरभंगा स्पेशल (04078/04077) दिल्ली से 10 और दरभंगा से 11 नवंबर को रवाना होगी। यह गोविंदपुरी में रात 9:55 बजे और वापसी में दोपहर 2:20 बजे पहुंचेगी।
गया-नई दिल्ली स्पेशल (03697/03698) सात से 28 नवंबर तक निर्धारित दिनों में, जबकि पटना-आनंद विहार स्पेशल (03293/03294) पांच से 21 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। दोनों का ठहराव गोविंदपुरी में होगा। वहीं, धनबाद-दिल्ली स्पेशल (03309/03310) धनबाद से सात से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और दिल्ली से आठ से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।