कानपुर देहात। बिना परमिट के जगह-जगह रोक कर सवारी बैठा रही एसी स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग की टीम सख्त हुई। विभाग ने मंगलवार की रात व बुधवार तड़के चेकिंग करते हुए पांच बसों को पकड़ सीज किया है, जबकि तीन का चालान किया है।
जिले के परिवहन विभाग में सात एसी स्लीपर बसें पंजीकृत हैं। इनमें दो की फिटनेस समाप्त हो चुकी हैं। इसके बाद भी संचालक धड़ल्ले से आगरा, दिल्ली व झांसी मार्ग की सवारियों को लेकर जा रहे हैं और वहां से वापसी ला रहे हैं। जिले से झांसी, उरई मार्ग व बाराजोड़ होते हुए आगरा, दिल्ली के लिए कानपुर से चलने वाली स्लीपर बसें गुजरती हैं। इनमें अधिकांश बसों के चालक परमिट न होने के बावजूद जगह-जगह बसों को रोककर सवारी बैठाते व उतारते हैं। वहीं, इनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए तय मानक भी पूरे नहीं होते हैं। अमर उजाला ने इसे लेकर अभियान चलाया। जिसके बाद परिवहन विभाग हरकत में आया है और इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
यात्री कर अधिकारी स्मिता वर्मा ने बताया कि एआरटीओ के साथ टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार रात कानपुर से झांसी की तरफ जा रही दो बसों को रोककर जांच की गई, तो इनमें सुरक्षा के मानक पूरे न पाए जाने के साथ परमिट समाप्त पाया गया। वहीं, बुधवार सुबह तीन बसों को आगरा व दिल्ली की तरफ जाने के दौरान पकड़ा गया। इनमें भी अधूरा परमिट पाया गया है। इन पर इन बसों को सीज किया गया है। वहीं तीन बसों में क्षमता से अधिक सवारी पाई गईं। साथ ही चालकों को हाईवे किनारे स्टॉप न होने के बावजूद रोककर सवारी बैठाते पाया गया है। जिसका चालान किया गया है। बताया कि अभियान लगातार चलाया जाएगा। बिना परमिट चलने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।