कानपुर। हैलट के नए ओपीडी ब्लॉक की संरचना जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज ने तैयार करके शासन को भेज दी है। संरचना एरियल सर्वे कराकर बनाई गई। 883.6 करोड़ रुपये बजट से प्रस्तावित इस ब्लॉक में पांच नई ओपीडी शुरू होंगी। ब्लॉक में त्वचा और दंत रोग विभाग शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इनमें विभागों के वार्ड भी रहेंगे।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि नया प्रस्ताव ओपीडी ब्लॉक की संरचना समेत शासन को भेजा गया है। यह वित्त विभाग के पास है। इसे वर्ष 2026 की योजनाओं में रखा गया है। भवन में दो बेसमेंट हैं और ग्राउंड फ्लोर के अलावा आठ तल रहेंगे। इसमें हेमेटोलॉजी, हेमेटो आंकोलॉजी, जेनेटिक्स, जीरियाट्रिक्स की भी ओपीडी शुरू की जाएगी। इससे संबंधित रोगों के रोगियों को चिकित्सीय सुविधाएं यहीं मिल जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नया ओपीडी ब्लॉक 4500 वर्ग मीटर भूमि पर बनाया जाएगा। इसे प्रस्तावित लेवल वन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के भवन से जोड़ा जाएगा। ओपीडी ब्लॉक में छात्रों को पढ़ाने के लिए कक्षाएं भी रहेंगी। इसके अलग-अलग तल पर विभिन्न विभाग होंगे। सबसे ऊपर छत पर स्किल सेंटर संचालित किए जाएंगे। इसमें शोध कार्य भी होंगे। भूतल पर रिसेप्शन के अलावा अस्थि रोग विभाग की ओपीडी रहेगी। अस्थि रोगों के रोगियों को चढ़ने उतरने में दिक्कत होती है।
उन्होंने बताया कि मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की ओपीडी को भी नए ब्लॉक में शिफ्ट कर दिया जाएगा। वहां जो जगह खाली होगी, उसे फार्मेसी विभाग को दे दिया जाएगा। डॉ. काला ने बताया कि नए ब्लॉक की बहुत जरूरत है। मौजूदा ओपीडी की क्षमता से दो-तीन गुना अधिक रोगी आ रहे हैं। नए ब्लॉक विभिन्न विभागों की विशेषज्ञताओं के लिहाज से ओपीडी कक्षों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
2.75 करोड़ से बना कॉलेज का मास्टर प्लान
प्राचार्य डॉ. संजय काला का कहना है कि मेडिकल कॉलेज का मास्टर प्लान भी तैयार कराकर शासन को भेज दिया गया। इसमें कॉलेज, हैलट और संबद्ध अस्पताल शामिल हैं। मास्टर प्लान 2.75 करोड़ रुपये से तैयार किया गया है। प्लान तैयार करने में पहले कॉलेज और अस्पतालों का एरियल सर्वे कराया गया।