गहोलिया गांव में चोरी की घटना का सुराग लगाता डॉग स्क्वायड। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रूरा। गहोलिया गांव में करीब चार माह पूर्व हुई गिट्टी कारोबारी की हत्या में नामजद पूर्व प्रधान के बंद घर में गुरुवार की रात चोरी हो गई। पूर्व प्रधान की भतीजी ने गांव के ही सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस व डॉग स्क्वॉड ने गांव पहुंचकर जांच की।
गहोलिया गांव निवासी विजय सिंह की पुत्री श्रृष्टि सेंगर ने पुलिस को बताया कि उसके बंद घर से गांव के ही दीपक तिवारी ने अन्नू तिवारी, विकास, बाल मुकुंद, भोलू, वीर सिंह, अवधेश तिवारी के साथ मिलकर पांच लाख रुपये नकद व करीब 90 हजार के जेवर चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की है। जांच के लिए पहुंचा डॉग स्क्वॉड घर के आसपास घूमता रहा।
बताते चले कि 16 सितंबर 2021 को गहोलिया में हुई गिट्टी कारोबारी अंशु तिवारी हत्या मामले में मृतक के भाई दीपक तिवारी ने गांव के ही पूर्व प्रधान बबलू, उसके भाई विजय सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसके बाद से ही बबलू व विजय सिंह का मकान बंद था। वहीं, थाना प्रभारी अनूप निगम ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है।