पुखरायां। अलग-अलग दुर्घटनाओं में बाइक सवार महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में महिला समेत चार घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
कानपुर नगर थाना घाटमपुर के दुरैया गांव निवासी प्रेमकुमार ने बताया कि साथी अजीत गुरुवार को बाइक से पुखरायां आ रहे थे। झांसी-कानपुर हाईवे पर सिखमापुर मोड़ के पास सामने से आ रहे बाइक सवार मऊखास निवासी कांशी प्रसाद आमने सामने टकरा गए। हेलमेट लगाए होने के बाद भी दोनों के सिर में चोट आई। वहीं, अकबरपुर थाना के लालपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि पिता घसीटे बाबू, मां रामवती को बाइक से लेकर भोगनीपुर आ रहे थे।
झांसी-कानपुर हाईवे पर नगर पालिका मोड़ के पास वाहन की टक्कर से दोनों लोग घायल हो गए। साथ ही कानपुर नगर थाना घाटमपुर के चौबेपुर गांव निवासी करन बाइक से भोगनीपुर जा रहे थे। पुखरायां बाईपास झांसी-कानपुर हाईवे पर पटेल चौक के पास वाहन की टक्कर से घायल घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाॅ. राजवीर सिंह ने घसीटे बाबू, रामवती, अजीत व काशीप्रसाद को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।