राजपुर (कानपुर देहात)। स्थानीय स्तर पर तैयार की जाने वाली हरी सब्जियां बाजार में न आने से महंगाई आसमान छू रही है। दिवाली के पहले से आलू, प्याज, टमाटर महंगा हो गया। इधर मौसमी सब्जी की आवक कम होने से दाम और बढ़ गए हैं। सबसे चौकाने वाले दाम टमाटर के हैं, 10 दिन पहले तक 60 से 70 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 100 रुपये में बिक रहा है।
त्योहार को लेकर दस दिनों में हरी सब्जियों के दामों में 20 से 30 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो गई है। अकबरपुर कस्बा समेत अन्य इलाकों में कानपुर चकरपुर मंडी से थोक में व्यापारी सब्जी मंगवा रहे हैं, जबकि अगस्त सितंबर में हुई बारिश से स्थानीय स्तर पर यमुना किनारे तैयार की जाने वाली अगेती फसल की सब्जियां बाढ़ की वजह से तैयार नहीं हो सकीं। वहीं, बारिश की वजह से स्थानीय स्तर पर किसान भी फूल गोभी, टमाटर, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी समेत कई सब्जियों की फसल देर से तैयार कर सके। इससे स्थानीय बाजार में आवक कम है।
सिकंदरा के सब्जी विक्रेता जहूर खान ने बताया कि हर सब्जी की कीमत में उछाल आया है। शादी-विवाह के सीजन और त्योहारों के चलते लोग बाजार में बड़ी मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। वहीं परिवहन खर्च और बाहरी मंडियों से आने वाले माल की कमी ने कीमतों को प्रभावित किया है। इटावा चकरपुर और कानपुर नगर की मंडियों से सब्जियों की आमदनी कम होने के कारण स्थानीय मंडियों पर दबाव बढ़ गया है।
राजपुर के सब्जी विक्रेता सलीम, ओमकार, पवन, सोनू कुशवाहा ने बताया कि हर साल दिवाली से पहले सब्जियों के दामों में थोड़ा उछाल आता है लेकिन, इस बार कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ी हैं। रोजमर्रा की जरूरत की चीजें महंगी होने से घर बजट बिगड़ गया है। मंडी के आढ़ती मोहनिस, इरशाद, सुरेश, शैलेंद्रका कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दामों में और स्थिरता आने की उम्मीद कम है। जब तक मांग और आपूर्ति का संतुलन नहीं बनता तब तक कीमतें घटने की संभावना नहीं है। कुछ दिन बाद स्थानीय किसानों की सब्जी भी बाजार में आने लगेगी। लोगों को उम्मीद है कि पर्वों के बाद जब बाजार में आपूर्ति सामान्य होगी, तब कीमतों में कुछ राहत मिलेगी।
...............
सब्जी 10 दिन पहले दाम- अब प्रतिकिलो दाम
शिमला-100-130
सोया मेथी-140-200
टींडा 60 80
फूल गोभी 80 100
पत्ता गोभी 30 40
टमाटर 60 100
बैंगन 20 30
मूली 15 30
पालक 30 50
घीया 30 60
भिंडी 30 50
हरी मिर्च 40 60
हरा धनिया 180- 200
आलू-40-60
प्याज-50-60
लहसुन-80-100