यूपी के हरदोई में शनिवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खेतों में आग लगने से लगभग सवा पांच सौ बीघा फसल जल गई। फसल जलती देख किसान बेहाल हो गए। किसानों ने नलकूप, तालाबों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की। तो वहीं कई स्थानों पर दमकल के देरी से पहुंचने के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। देर शाम तक किसान खेतों में धधकती आग को बुझाने में लगे रहे।
आग से हुई बर्बादी को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों की भीड़ भी लगी रही। किसानों की हुई क्षति का मुआवजा दिलाए जाने की मांग ग्रामीणों ने की है। इधर तहसील प्रशासन ने क्षति का आंकलन करना शुरू कर दिया है।