गंगा किनारे डेंजर जोन में मौज मस्ती करते युवा
गंगा किनारे मौज-मस्ती जानलेवा होती जा रही है। रोक के बावजूद युवा डेंजर जोन में सेल्फी लेने और तेज धार में डुबकी लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार को परमट घाट में पांच लड़के गंगा में डूब गए जिसमें एक की मौत हो गई।
विजय नगर के अंबेडकरनगर निवासी रिक्शा चालक दिनेश सोनी का बड़ा बेटा अनूप (20) विजय नगर की एक दुकान में बैट्री रिपेयरिंग का काम करता था। दिनेश ने बताया कि अनूप मोहल्ले में रहने वाले दोस्त भीम गुप्ता, राहुल गुप्ता, पिंटू और मंटू गुप्ता के साथ सोमवार को परमट स्थित आंदेश्वर मंदिर के दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद पांचों दोस्त परमट घाट पहुंचे। फिर नाव से नदी के दूसरी तरफ पहुंच गए और गंगा में नहाने लगे। भीम ने बताया कि सभी एक-दूसरे को तैर कर पकड़ रहे थे। इसी दौरान अनूप गंगा में डूबने लगा। पिंटू ने उसे बचाने की कोशिश की तो वह भी डूबने लगा। यह देख घाट पर मौजूद नाविकों ने किसी तरह पिंटू को बचा लिया, लेकिन अनूप का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने प्राइवेट गोताखोरों को बुलाकर गंगा में उतारा, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी गोताखोर अनूप को नहीं ढूंढ सके। अनूप के सभी दोस्त विजय नगर में फल का ठेला लगाते हैं। ग्वालटोली इंस्पेक्टर का कहना है कि अनूप को खोजने के लिए मंगलवार को फिर गोताखोरों को गंगा में उतारा जाएगा।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस और गोताखोर
अनूप के परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के करीब एक घंटे बाद ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की टीम आई। इसके बाद अनूप की तलाश शुरू की गई। परिजनों का कहना है कि गोताखोर तुरंत आ जाते तो शायद उसकी जान बच जाती। पुलिस की लापरवाही से अभी तक अनूप का सुराग नहीं लगा है।