जसवंतनगर/बसरेहर/सैफई (इटावा)। महाकुंभ से स्नान करके लौट रहे वाहन लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। मंगलवार को जसवंतनगर और चौबिया क्षेत्र में हुए दो हादसों में पांच लोगों की जान चली गई। वहीं 16 लोग घायल हो गए हैं।
राजस्थान के भरतपुर जिले के निवासी मोहन सिंह (36) अपनी मां लीला देवी (65), ससुर बच्चू सिंह (68), सास कमलेश देवी (60), चाची राजकुमारी (50) को कार से लेकर महाकुंभ स्नान कराने के गए थे। रविवार रात में स्नान करने के बाद वह सभी को लेकर लौट पड़े। सोमवार सुबह साढ़े सात बजे इटावा-आगरा हाईवे पर नगला कन्हई के पास ट्रक ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की छत क्षतिग्रस्त होकर गायब हो गई। हादसे में लीला देवी, बच्चू सिंह और कमलेश देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मोहन सिंह और उनकी चाची राजकुमारी (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। उधर, दूसरा हादसा भी सोमवार सुबह चौबिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 122 पर किनारे खड़ी कार में पीछे से ट्रैवलर बस ने टक्कर मार दी। ट्रैवलर चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है। हादसे में कार सवार राजकंवर (60) निवासी जिला चुरू-थाना रतनगढ़, राजस्थान, सुमेर देवी निवासी कोटपुतली थाना परागपुरा जयपुर की मौत हो गई। जबकि इंद्रो देवी (43), वर्णिका (05), अमित (42), बृजेंद्र सिंह (47) घायल हो गए। कार सवार लोग महाकुंभ के बाद अयोध्या गए थे और वहां से लौटकर राजस्थान जा रहे थे। जबकि बस महाकुंभ से वापसमी में दिल्ली जा रही थी। बस में भी सवार 20 यात्रियों में 10 घायल हुए हैं। सूचना पर चौबिया थाना अध्यक्ष संजय सिंह और यूपीडा की टीम पहुंची। घायलों को आयुर्विज्ञान विवि. भेजा गया।
ल
उदय प्रताप सिंह (50), सत्येंद्र सिंह (25), गौरव सिंह (42) , नीलम (54), मुकेश (59), मंजू देवी (55), शिव नारायण (38) , अमरेंद्र (38), कुसुम (54), भूपेंद्र सिंह (38) सभी निवासी न्यू मॉडल कॉलोनी थाना मानसरोवर, शाहदरा, दिल्ली घायल हो गए।