हैलट के न्यूरो साइंसेज स्थित कोविड हॉस्पिटल में चौबीस घंटे के अंदर पांच कोरोना संदिग्ध रोगियों की मौत हो गई। सभी रोगियों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं। इनके शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिए गए हैं। इनका अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कराया जाएगा।
रविवार को यशोदानगर की 75 वर्षीय महिला, मंधना की 20 साल की युवती, चमनगंज निवासी बुजुर्ग, कलक्टरगंज निवासी 49 वर्षीय महिला, गुंजन विहार के 33 वर्षीय युवक को गंभीर हालत में कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया था। आईसीयू में उपचार के दौरान इनकी मौत हो गई। हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके मौर्या ने बताया कि शवों को विशेष बॉडी बैग में सील कर दिया गया है। परिजनों को सूचना दी गई है। रोगियों के सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।