हमीरपुर में मंगलवार को सपा व कांग्रेस प्रत्याशी ने सादगी से नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं बसपा प्रत्याशी नौशाद अली ने तामझाम के साथ नामांकन पत्र का दूसरा सेट जमा किया जबकि दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए हैं।
नामांकन के बाद बसपा प्रत्याशी ने पुुरारा तहसीलदार बंगला मैदान में जनसभा की। बुधवार नामांकन का अंतिम दिन है। आखिरी दिन भाजपा व अन्य प्रत्याशी नामांकन करेंगे। उपचुनाव के लिए हो रही नामांकन प्रक्रिया में मंगलवार को सपा प्रत्याशी डॉ. मनोज प्रजापति ने दो सेट व कांग्रेस प्रत्याशी हरदीपक निषाद ने नामांकन पत्र का एक सेट जमा किया।
बसपा प्रत्याशी नौशाद अली
- फोटो : अमर उजाला
बसपा प्रत्याशी नौशाद अली कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन स्थल पहुंचे। गेट पर नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हटाया। इसके साथ ही सीपीआई से जमाल आलम व भारतीय शोषित समाज पार्टी से सुखपाल सिंह ने नामांकन किया। अब तक कुल पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह ने नामांकन पत्र लिया। वे बुधवार को नामांकन करेंगे।
हमीरपुर में लंबी जद्दोजहद के बाद मंगलवार की देर रात भाजपा हाईकमान ने पूर्व विधायक इचौली गांव निवासी युवराज सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वहीं अन्य लोग भी प्रत्याशी की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह
- फोटो : अमर उजाला
62 वर्षीय युवराज सिंह इस समय भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। वर्ष 1989 में वह कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। इसके बाद सपा से वर्ष 2003 से 2010 तक बांदा हमीरपुर निकाय क्षेत्र से एमएलसी रहे हैं। प्रत्याशी के पिता स्व. बृजराज सिंह मौदहा विधानसभा से वर्ष 1962 व 1969 में विधायक चुने गए और तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे चंद्रभान गुप्ता की सरकार में राज्यमंत्री रह चुके हैं।
वहीं प्रत्याशी के बाबा चौधरी पहलवान सिंह बांदा से विधायक रह चुके हैं। इनके ताऊ स्व. महिरजध्वज सिंह विधायक व एमएलसी रह चुके हैं। चाचा जयवंत सिंह एमएलसी, भाई कुशजध्वज सिंह बांदा हमीरपुर से एमएलसी रह चुके हैं।