कानपुर। बिधनू में बुधवार रात माहौल बिगाड़ने और दंगा भड़काने के प्रयास में छह नामजद और 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है जिसमें से पुलिस ने पांच को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। घटना के बाद एहतियातन क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दिया गया है।
बुधवार रात करीब 11:30 बजे अराजकतत्वों के रमईपुर जामू रोड में ब्रह्मदेव सरकार आश्रम के सामने चारागाह की जमीन पर बनी जखई बाबा की समाधि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की। उन्हें आश्रम संचालक और सेवादारों ने रोकने का प्रयास किया तो मारपीट और धक्कामुक्की शुरू हो गई। सूचना पर चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार पहुंचे तो उन्होंने अराजकतत्वों से मूर्ति स्थापना के लिए शासन से जारी अनुमति पत्र मांगा जिसके नहीं दिखाने पर उन्हें मूर्ति स्थापना से रोका गया। आरोपियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और धक्का मुक्की करने लगे। पुलिसकर्मियों के रोकने पर उनसे भिड़ गए। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर तेजीपुरवा निवासी अजय, अमन कुमार, दीनदयाल, राजकुमार, अभिषेक उर्फ छोटू और जामू गांव निवासी महेश विश्वकर्मा और 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ सामाजिक माहौल बिगाड़ने, शांतिभंग, सरकारी काम में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी दक्षिण योगेश कुमार, बिधनू इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। घटना के बाद हिंदू संगठन के लोग आ गए। कुछ राजनैतिक और धार्मिक संगठन के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें शांत कराया। डीसीपी दक्षिण ने बताया कि आरोपी अजय, अमन कुमार, दीनदयाल, राजकुमार और अभिषेक उर्फ छोटू को मौके से गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।