औरैया जिले में बेला कस्बे के मुख्य चौराहे पर बुधवार की देर रात ट्रक चालक को पीट रहे लोगों को देख पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका। मारपीट करने वालों ने पुलिसकर्मियों के साथ गालीगलौज व धक्का मुक्की की। जिस पर हंगामा करने वाले पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजा।
कस्बे के मुख्य चौराहे पर बिधूना की तरफ से आ रहे स्कॉर्पियो सवार बराती शराब के नशे में थे। ओवरटेक करते समय स्कॉर्पियो ट्रक से रगड़ गई। जिस पर स्कॉर्पियो सवारों ने ट्रक रोककर उसके चालक को लातघूसों, रॉड आदि से बुरी तरह पीटने लगे।
जिसे देख राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज अवनीश कुमार ने ट्रक चालक को बचाया। तभी चालक से मारपीट कर रहे राजेश कुमार तिवारी (राजू) पुत्र होरीलाल निवासी दौलतपुर (पुनावर), चंद्रपाल पुत्र कडोरीलाल निवासी बड़गांव, सुनील कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी जालिमपुर थाना कुर्रा मैनपुरी, अरविंद पाल पुत्र रामप्रकाश निवासी तारापुर थाना गुरसहायगंज, देवेंद्र पाल पुत्र रामप्रकाश निवासी तारापुर गुगरापुर आदि ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की व गालीगलौज की।
मौका पाकर ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने गालीगलौज करने वाले पांचों को हिरासत में लिया और जेल भेजा। प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार शराब के नशे में थे। जिनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से अभद्रता का मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।