बिल्हौर। शुक्रवार को आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मकनपुर-इलियासपुर में बिगड़े माहौल के चौथे दिन उपद्रवियों पर कार्रवाई न होने के कारण दुकानें और बाजार पूरी तरह बंद रहे। कई दुकानदारों ने मकनपुर पुलिस चौकी पहुंचकर दुकानों की चाबियां चौकी इंचार्ज को सौंप दीं और उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई न होने पर कस्बा छोड़ने की बात भी कही। उधर पुलिस ने रविवार को पकड़े गए बवाल के पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया। वहीं एक राजनीतिक दल से जुड़े संगठन के पदाधिकारियों के मकनपुर पहुंचने की चर्चा के बाद मकनपुर-इलियासपुर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया। पूरे दिन आवागमन करने वाले सभी वाहनों पर पुलिस-पीएसी की नजर रही।
मकनपुर-इलियासपुर में घटना के चौथे दिन पुलिस-पीएसी की चौकसी के चलते पूरी तरह शांति रही। उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने राजा जाफरी, अख्तर जाफरी निवासीगण इलियासपुर, फजरुल जाफरी, छोटे चांद और शम्मू भाई निवासीगण मकनपुर को जेल भेज दिया है। आरोप है कि अख्तर जाफरी ने ही कई मीडिया कर्मियों-पत्रकारों को फोटो खींचने और समाचार प्रकाशन पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर हलपुरा गांव निवासी लवकुश कटियार को साथियों तक लात-घूसों डंडों से जमकर पीटकर बेदम कर दिया था और ककवन पुलिस की कार में भी तोड़फोड़ की थी। उधर, सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आलोक गुप्ता की मां उमा गुप्ता की तहरीर पर रिपोर्ट न लिखने के कारण सोमवार को मकनपुर और इलियासपुर कस्बे की लगभग सभी दुकानें बंद रहीं।
आढ़ती सचिन गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, मनोज गुप्ता आदि ने बताया कि पुलिस द्वारा लिखी गई रिपोर्ट में कई शातिरों के नाम छूट गए हैं जो अब भी बेफिक्र होकर धमकियां दे रहे हैं। कस्बे के सभी दुकानदारों ने पुलिस द्वारा उक्त लोगों पर कार्रवाई न करने के कारण सोमवार को मकनपुर पुलिस चौकी इंचार्ज वेद प्रकाश मिश्र से मिलकर अपनी दुकानों की चाबियां सौंपी, लेकिन उन्होंने कार्रवाई का भरोसा देकर चाबियां वापस कर दीं। चौकी इंचार्ज वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि सोमवार को बजरंग दल के पदाधिकारियों के समर्थकों के साथ मकनपुर आने की सूचना पर बिल्हौर, अरौल, विषधन और ठठिया की ओर से आने वाले सभी रास्तों को सुबह से ही सील कर दिया गया था। इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मकनपुर इलियासपुर में तैनाती की गई, लेकिन दोपहर तक वह नहीं आए, फिर भी पुलिस व पीएसी मुस्तैद है।
रात में ठठिया-विषधन की ओर से हो रहा पलायन
बिल्हौर। मकनपुर के लोगों का कहना है कि शुक्रवार को हुई घटना में शामिल कई लोग परिवार संग अपनी कारों से रातों-रात पलायन कर रहे हैं। इसमें कई स्थानीय लोगों की कारें रात में कई-कई चक्कर लगाकर युवकों, महिलाओं और बच्चों को घरों से ले जा रहे हैं। बिल्हौर और अरौल पुलिस के चौकन्ना होने के कारण उपद्रवियों में शामिल लोग पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए घरों में ताला लगाकर भाग रहे हैं। वहीं उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि जांच में जिनके भी नाम आएंगे, वह चाहे मकनपुर-इलियासपुर छोड़े या फिर कानपुर शहर पुलिस उसे हर कीमत पर दबोच लेगी। जो लोग ऐसे शातिरों को भगाने में लगे हैं उन पर भी पुलिस की नजर है जल्द ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मकनपुर का बंद बाजार। - फोटो : DEHAT
बिल्हौर कोतवाली से जेल जाते आरोपी- फोटो : DEHAT