चित्रकूट जिले में तीन दिन पहले भाजपा सांसद के पेट्रोल पंप से हुई लूट के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 57000 नकद व तमंचा कारतूस बरामद किए हैं।
बताते चलें कि भाजपा सांसद आरके सिंह पटेल के पेट्रोल पंप से मंगलवार शाम दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने 50 हजार रुपये की लूटपाट की थी। घटना रैपुरा थाना अंतर्गत बोडी पोखरी बरहट के पास हुई। रुपये लूटकर भाग रहे बदमाशों को गांव के कुछ लोगों ने दौड़ाया तभी एक बाइक पर सवार दो युवक गिर पड़े। हालांकि वह तमंचा लहराते हुए धमकी देते बाइक छोड़कर भाग निकले थे।
मंगलवार देर शाम लगभग 7:30 बजे शांति देवी फिलिंग स्टेशन बरहट में दो बाइकों पर सवार पांच युवक पेट्रोल लेने पहुंचे। पेट्रोल लेने के बाद भुगतान के लिए दो युवक अंदर कैश काउंटर में गए। उन्होंने पेट्रोल के रुपये दिए और मैनेजर बॉक्स खोलकर रुपये रखने लगा तभी युवकों ने पूरा बॉक्स उठा लिया और बाहर की ओर भाग निकले। पहले से स्टार्ट खड़ी बाइक में दोनों युवक बैठे और आगे की ओर भागे। मैनेजर व पेट्रोल पंप कर्मियों ने चिल्लाकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।