चकेरी में बुधवार को कार ओवरटेक करने के विवाद में दो प्रापर्टी डीलरों के बीच हुई मारपीट और पथराव के बाद गोली चलने से मौके पर खड़ा एक बेकसूर शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके कंधे में जा धंसी। लीलामनी अस्पताल में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।
गदियाना निवासी नसीम और सनिगवां चिश्ती नगर निवासी जमील एक साथ प्रापर्टी डीलिंग करते हैं। बुधवार दोपहर को नसीम कार से साइट पर जा रहे थे। अन्ना चौराहा पर कार को ओवरटेक करने में सनिगवां निवासी एक अन्य प्रापर्टी डीलर आनंद भदौरिया से पहले कहासुनी, गाली-गलौच फिर हाथापाई होने लगी। बीच बचाव के बाद दोनाें वहां से चले गए। आरोप है कि दोपहर में नसीम और जमील पक्ष के कुछ लोग आनंद भदौरिया के घर पहुंचे, लेकिन आनंद नहीं मिले।
इधर, आनंद और उनके दोस्तों को यह बात पता लगी तो वे जमील के दफ्तर पहुंचे। वहां दोनों पक्ष में आरोप-प्रत्यारोप के बाद तोड़फोड़, मारपीट होने लगी। इसी बीच किसी ने फायरिंग कर दी। गोली भीड़ में खड़े असगर अली को लगी। चीख के साथ वह गिर पड़े। खून देख अफरा-तफरी मच गई। इलाकाई लोग उन्हें कांशीराम ट्रामा सेंटर ले गए। हालत खराब देख लीलामनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चकेरी इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि प्रापर्टी डीलरों में वर्चस्व को लेकर झगड़ा है। गोली किसने चलाई, यह पता नहीं चल सका। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगा रहे हैं। इधर, असगर अली के परिजन भी रात में तहरीर देने चकेरी थाने पहुंचे। उनका कहना है कि असगर अली का विवाद से कोई लेनादेना नहीं था। ऐसे में उनके इलाज का खर्च कौन उठाएगा?