इटावा जिले के नखासा मोहल्ले में शनिवार को हुए दो पक्षों के विवाद ने सोमवार को फायरिंग और पथराव का रूप ले लिया। दो लोग गोली और आठ पथराव में घायल हुए हैं। गोली से घायल दोनों लोगों को सैफई पीजीआई रेफर किया गया है। फिलहाल किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे पुरबिया टोला मोहल्ला के पास नखासा मोहल्ला में अचानक फायरिंग की आवाज से लोग हड़बड़ा गए। मोहल्ले के ही दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर फेंके जा रहे थे। सूचना पर कोतवाल समेत पुराना शहर चौकी प्रभारी रामपाल और टीटी प्रभारी विवेक चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर बवाल कर रहे कई लोग भाग गए। नखासा मोहल्ले के ही सभी यादव परिवारों के घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक पक्ष से जितेंद्र (35) पुत्र नवाब सिंह और सहवीर सिंह (35) होरीलाल गोली लगने से घायल हुए हैं।
इसके अलावा होरीलाल के बेटे बृजेंद्र सिंह, निहाल उर्फ अन्नू और दूसरे पक्ष से तुलसीराम के बेटे लल्ला उर्फ संजीव, सुभाष, रूपसिंह उर्फ भूरे और सुभाष का पुत्र अमन, सुधीर पुत्र हृदेश उर्फ बिल्ले, दिनेश पुत्र रामसिंह ईंट-पत्थर से लगने से घायल हुए हैं।