रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के नहर कोठी के पास खंडहर में चल रही तमंचा फैक्टरी का पुलिस और एसओजी ने भंडाफोड़ किया है। एक युवक को 20 तमंचे और बनाने के उपकरण के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक बिलग्राम हरदोई निवासी सर्वेश यादव (40) है। जबकि कन्नौज गुरसहायगंज के ओमन और भंगू दीवार फांदकर भाग गए। सर्वेश के पास से एक तमंचा, मकान से 12 तमंचे और पांच अधबने तमंचे, दो हैमर, एक निहाई, पत्ती काटने वाला कटर, तीन रेती, एक बंडल टांका, पेचकस, छेनी, लोहा, गैस लाइट, कोयला आदि सामान बरामद हुआ है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सर्वेश पहले भी दो बार रसूलाबाद थाने से आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है।
14 पुलिस कर्मियों ने सिर्फ एक आरोपी पकड़ा
- नहर किनारे स्थित खंडहर में एसओजी प्रभारी प्रशांत गौतम अपने आठ साथी और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला अपने छह साथियों को लेकर खंडहर में छापेमारी करने पहुंचे। 14 पुलिसकर्मी सिर्फ एक आरोपी को पकड़ पाए, दो भाग गए।
तमंचा बेचने के लिए कन्नौज में सर्वेश चर्चित
- थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सर्वेश अवैध तमंचे बेचने के मामले में लंबे समय से लिप्त है। कन्नौज के गलत कामों में लिप्त लोगों में सर्वेश चर्चित है। उसने अपने साथियों के साथ खूब तमंचों की बिक्री की है। बताया कि नहर कोठी के पास सिंचाई विभाग के खंडहरनुमा मकान में चार दिन पहले ही फैक्टरी चालू हुई थी। उनका दावा है कि तमंचों की सप्लाई नहीं हो पाई है।