चित्रकूट जिले में दरवाजे की कुंडी लगाकर मार डालने की नीयत से घर में आग लगा दी गई। लपटें बढ़ीं तो परिजनों की नींद खुली और भागने लगे। कुंडी बंद होने से वे चिल्लाए। आसपास के लोगों ने कुंडी खोलकर सबको बाहर निकाला।
रैपुरा थाना क्षेत्र के भखरवार गांव में सोमवार की देर रात को रामसुहावन पांडेय व रोशन पांडेय पुत्रगण माताप्रसाद पांडेय के घर में आग लग गई। आग की लपटें देख पड़ोस के सिपाही लाल पांडेय ने चिल्लाकर ग्रामीणों व परिजनों को बाहर आने को कहा।
इधर घर के अंदर से बाहर परिजन नहीं आ पा रहे थे। रामसुहावन ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने उन्हें मारने का प्लान बनाया होगा तभी उनके घर के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर आग लगा दी। आग लगने से पूरा परिवार भयभीत हो गया।
किसी तरह जान बचाकर बाहर की ओर भागे। घर में रखी नगदी भी जल गई। इस दौरान रामसुहावन के अलावा राजा पुत्र मुंशी, पिंटू यादव पुत्र भइयालाल, पंकज पांडेय पुत्र रामसुहावन आग से झुलसे व गिरकर चुटहिल भी हुए। इस संबध में थाना प्रभारी सुशील चंद्र शर्मा ने बताया कि फायर बिग्रेड की टीम के साथ मिलकर थाने की टीम ने आग बुझाई थी। फिलहाल आग लगने के कारण की जानकारी परिजनों ने नहीं दी है और न ही किसी के द्वारा कुंडी बंदकर आग लगाने का पत्र दिया है।