कानपुर: कूड़ा निस्तारण प्लांट में लगी आग, धुएं से परेशान लोगों ने अफसरों को पीटा
Wed, 12 Dec 2018 12:30 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
सार
- स्वच्छ भारत मिशन की कमेटी के लौटने के बाद देर रात हुई घटना
- धुएं की वजह से बदुआपुर गांव के लोगों ने बच्चों को गांव से बाहर छोड़ा
- दमकल कर्मी रात तक बुझाते रहे आग, नहीं मिली सफलता
कानपुर में स्वच्छ भारत मिशन की कमेटी के लौटने के बाद ही सोमवार देर रात पनकी के ग्राम भऊ सिंह स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के कूड़ा पहाड़ों में भीषण आग लग गई। मंगलवार सुबह सांस लेने में दिक्कत होने पर आक्रोशित महिलाओं ने प्लांट पहुंचकर जानबूझकर कूड़े में आग लगाने का आरोप लगाते हुए अफसरों को पीटा।
विज्ञापन
फजलगंज फायर स्टेशन के दमकल कर्मी रात तक आग बुझाने की कोशिश करते रहे मगर वे सफल नहीं हुए। दिल्ली से स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के निदेशक वीके जिंदल सहित पांच सदस्यीय कमेटी सोमवार को कूड़ा निस्तारण प्लांट पहुंची थी। वहां कूड़े के पहाड़ देख उन्होंने नाराजगी जताई थी। देर रात इन पहाड़ों में अचानक आग लग गई। मंगलवार सुबह तक कूड़े के पूरे के पूरे पहाड़ जलने लगे।
दोपहर तक प्लांट के बाहर ग्राम बदुआपुर की तरफ फैला कूड़ा भी जलने लगा। इसपर बदुआपुर गांव में रहने वाली सोमवती, ननकी, अनीता, प्रेम देवी, गुड्डी पूर्व पार्षद दिनेश वाजपेयी, अनिल राजपूत, रमाकांत मिश्र के साथ कूड़ा निस्तारण प्लांट पहुंच गईं।
विज्ञापन
Trending Videos
प्रदर्शन करते लोग
महिलाओं ने प्लांट के डिप्टी मैनेजर अखिलेश और एक्जीक्यूटिव ऑफिसर रजनीश से तुरंत आग बुझाने की मांग की। बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर गुस्साई महिलाओं ने दोनों अफसरों को पीट दिया। मामला तूल पकड़ता देख अपर नगर आयुक्त (प्रथम) अमृत लाल बिंद भी प्लांट पहुंचे। उन्होंने दूसरी दमकल मंगाने के साथ ही प्लांट कर्मियों को भी आग बुझाने में लगाया।
बच्चों को गांव से हटाया
प्लांट से सौ मीटर दूर स्थित बदुआपुर गांव के बच्चों की धुएं की वजह से हालत बिगड़ते देख शाम को कई महिलाएं उन्हें लेकर बाईपास चली गईं। वहां धुआं कम होने से बच्चों को कुछ राहत मिली।
मीथेन गैस बनने से आग लगी होगी। किसी की शरारत भी हो सकती है। इसकी जांच कराई जाएगी। दमकल लगाकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। प्लांट के डिप्टी मैनेजर और एक्जीक्यूटिव ऑफीसर को पीटने के मामले में कार्रवाई की जाएगी। प्लांट के बाहर गार्ड भी लगाए जाएंगे। - अमृत लाल बिंद, अपर नगर आयुक्त (प्रथम)
रात में आग लगने पर दमकल गाड़ियां बुलाकर आग बुझवाई थी लेकिन सुबह फिर आग लग गई। उसे काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। - शशांक शुक्ला, प्रभारी, कूड़ा निस्तारण प्लांट