रसूलाबाद में बुधवार की रात केवलेपुर गांव में खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से छह घर खाक हो गए। जिसमें किसानों का गल्ला, कपड़े, नगदी, बर्तन जल गए और एक बकरी झुलस गई। सूचना पाकर दमकल गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
पीड़ित देवीप्रसाद ने बताया कि वह खेतों में कटाई करने गया था पत्नी सरिता बुधवार की रात चूल्हे में खाना बना रही थी। तभी अचानक चिंगारी से छप्पर ने आग पकड़ ली।
हवा चलने से पूरे घर में आग फैल गई जिससे दस कुंतल गेहूं, दो कुंतल लाही, पांच कुंतल लहसुन, पांच हजार रुपये व कपड़े आदि जलकर खाक हो गए। इसके बाद आग रविंद्र कुमार के घर में भी लग गई।
जिससे छह कुंतल धान, पांच कुंतल गेहूं, एक कुंतल लाही, रजाई गद्दा आदि आग की भेंट चढ़ गए। पत्नी साधना ने बताया कि घर के सामान के साथ ढाई हजार रुपये भी जल गए हैं।
रामस्वरूप के घर में भी रखा दो कुंतल धान, दो कुंतल गेहूं, दो कुंतल आलू व 15 सौ रुपये जल गए। जगतपाल ने बताया कि उसके घर में रखी साइकिल, चारा मशीन, दो सौ फुट सेक्शन पाइप, पांच कुंतल धाना, एक कुंतल गेहूं व छह सौ रुपए जल गए साथ ही एक बकरी भी झुलस गई।
मनोज ने बताया कि उसके घर में रखा कपड़ा, अनाज आदि लग गए हैं। सुरेंद्र के घर में रखा विस्तर, कपड़ा, चारपाई आदि राख हो गए। उपजिलाधिकारी विनीता सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन कर लिया गया है। जल्द ही मदद दी जाएगी।