बिजली उपकेंद्र जैनपुर में शुक्रवार को दोपहर में अचानक आग लग गई। इससे दो बड़े ट्रांसफार्मर पिघल गए और पांचों फीडर ठप हो गए।
इससे करीब एक सैकड़ों गांव की बिजली गुल है। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर आकर जांच-पड़ताल की और एक हफ्ते में नए ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिलाया।
सब स्टेशन के अवर अभियंता शिवनाथ सिंह ने बताया कि करीब 11:30 बजे अचानक एचटी साइट की बुसिंग फट गई। उससे तेल का रिसाव होने पर दस एमवी के ट्रांसफार्मर में आग लग गई।
सूचना पर दमकल कर्मियों के आने तक 5 एमवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आ गया। दोनों ट्रांसफार्मरों के बुसिंग और तार भी जलकर नष्ट हो गए, इससे भाल, राजपुर, अफसरिया, गौरी-करन और कथरी फीडर की आपूर्ति ठप हो गई।
सूचना पर अधिशाषी अभियंता केके कमल, दीपक सिंह, उपखंड अधिकारी मनोज कुमार, अवर अभियंता अरविंद कुमार, कौशलेंद्र व सत्यप्रकाश भी कर्मचारियों की टीम के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि दोनो नये ट्रांसफार्मर लगवाये जाएंगे और क्षतिग्रस्त उपकरण भी बदले जाएंगे।