भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में एक मकान में अचानक आग लगने से पांच घर चपेट में आ गए। जिससे पांचों घरों की गृहस्थी का सामान और नगदी जलकर राख हो गई।
दमकल कर्मी काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके। मंगलवार की दोपहर भूरा सिंह के घर से आग की उठती लपटों को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। जिस वक्त आग लगी, भूरा का परिवार खेतों पर गया था।
भूरा सिंह के मकान के पास पड़ोस में रतन, यशपाल, नत्थू, और खुसीराम भी परिवार समेत खेतों में काम पर गए थे। मकान से उठती लपटों ने पांच घरों को चपेट में ले लिया। आग की सूचना दमकल को दी गई।
दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। चारों घरों के मालिक पहुंचे और गृहस्थी का सामान जला देखकर वह बिलख पड़े।
नत्थू की पत्नी पानकुवर ने बताया कि भैंस की बिक्री के 60 हजार रुपये रखे थे। चारो पुत्रों की शादी जेवर रखा था, जो कि राख हो गया। किसी के कपडे़ तक नहीं बचे हैं।
ग्रामीणों ने आग लगने वाले घरों के चारो तरफ रखे छप्परों को गिरा कर पूरे गांव में आग फैलने से बचा लिया। आग लगने का कारण भूरासिंह के घर में खाना बनाने के बाद चूल्हे में आग बनी रहना माना जा रहा है।
पीड़ितों को अभी तक कोई राहत सामग्री नहीं मिली है।