इटावा। तकिया तिराहे के पास स्थित पुराने टायर के गोदाम में मंगलवार रात आग लग गई। सूचना पर गोदाम संचालक, कोतवाली पुलिस, दमकल की तीन गाड़ियां पहुंच गईं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकल की गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम संचालक ने पटाखे की चिंगारी से आग लगने का अनुमान लगाया है। लगभग पांच लाख रुपये का सामान जलने का दावा किया है।
शहनवाज निवासी कटरा शमशेर खां की तकिया तिराहे के पास पुराने टायर की दुकान है। उन्होंने बताया कि पांच साल से वह पुराने टायर का काम कर रहे हैं। आगरा, मथुरा, ग्वालियर से पुराने टायर लाकर बेचते हैं। इसका गोदाम तकिया तिराहे पर बना रखा था। मंगलवार देर शाम करीब सात बजे वह दुकान बढ़ाकर गए थे। इसके बाद करीब 8:30 बजे मोहल्ले वालों ने सूचना दी कि गोदाम में आग लग गई। जब मैं पहुंचा तो गोदाम से ऊंची लपटें उठ रहीं थीं। सूचना पर करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। एक गाड़ी के काबू न कर पाने पर दो और गाड़ियां बुलवाईं गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शहनवाज ने बताया कि 80 हजार रुपये टन वाले चार टन पुराने ट्यूब जलकर राख हो गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक्साइड साइकिल समेत काफी सामान जला है। लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।