औरैया जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर टाटा से जम्मू तवी जाने वाली मुरी एक्सप्रेस कोच के निचले हिस्से में शनिवार सुबह ब्रेक जाम होने से आग लग गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
इस दौरान ट्रेन 15 मिनट तक खड़ी रही। आग बुझाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। दिल्ली - हावड़ा रेल मार्ग पर साम्हो और घसारा के बीच दोपहर करीब 12 बजे मुरी एक्सप्रेस इटावा से कानपुर की ओऱ जा रही थी।
मुरी एक्सप्रेस में ब्रेक जाम होने से कोच के पहियों में आग लग गई। साम्हो स्टेशन मास्टर ने सबसे पहले ट्रेन के कोच से धुआं उठता देखा। धुआं देख तत्काल ड्राइवर सहित रेलकर्मी को सूचना दी गई।ट्रेन को साम्हो घसारा के बीच रोका गया।
ट्रेन के रुकते ही यात्रियों को भी आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्री कोच के मुख्य गेट पर आकर खड़े हो गए ताकि कोई अनहोनी हो तो वे तत्काल कूद जाएं।
कई यात्री ट्रेन से नीचे भी उतर गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर टीम ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया और कोच में हुए ब्रेक जाम को ठीक किया गया। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया।