शिवली (कानपुर देहात)। चंपतपुर गांव में स्पार्किंग से बिजली मीटर में लगी आग से दो गृहस्थी जल र्गइं। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग काबू की।
चंपतपुर गांव में शुक्रवार सुबह लक्ष्मी घरेलू काम निपटा रही थी। तभी घर में लगे बिजली के मीटर में तेज स्पार्किंग के साथ आग लग गई। चिंगारी से छप्पर जलने लगा और कुछ देर में आग पड़ोसी नितेश के घर पर पहुंच गई। लपटें व धुआं उठने पर लोगों ने शोर मचाया। घर में मौजूद लोग बाहर भागे। ग्रामीणों ने उपकेंद्र से बिजली बंद कराई और आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे में आग काबू हो सकी। इससे पहले छप्पर, खाने पीने का सामान समेत दो गृहस्थी जल गई। राजस्व निरीक्षक रघुनाथ ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील कार्यालय में दी गई है।
कमलपुर गांव में छप्पर में लगी आग
डेरापुर के कमलपुर गांव में शुक्रवार को रेडीमेड दुकानदार के घर में रखे छप्पर में लगी आग से गृहस्थी जल गई।
कमलपुर गांव में रहने वाले जावेद का घर कच्चा है। कच्ची दीवारों पर रखे छप्पर में शुक्रवार की शाम अचानक आग लग गई। घटना के समय जावेद हारामऊ बंबे के पास रेडीमेड दुकान पर था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी दस्तमपुर प्रभारी अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। गांव के लोगों ने आग काबू की। तहसीलदार लाल सिंह ने गांव पहुंचकर नुकसान देखा। बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी। संवाद
तारों की चिंगारी से गेहूं की फसल जली
शिवली कस्बे में जागेश्वर मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन तार से निकली चिंगारी से मुन्ना लाल शर्मा की एक बीघे गेहूं की फसल जल गई।
हवा चलने से खेत के ऊपर से निकली बिजली के तारों से निकलने वाली चिंगारी किसानों पर मुसीबत बनकर टूट रही है। शुक्रवार सुबह गेहूं के खेत से लपटें उठती देखकर किसान दौड़ कर पहुंचे। किसानों ने हरे पेड़ की टहनियों से मशक्कत कर गेहूं की फसल की आग काबू की। किसान ने तहसील में सूचना दी है। एसडीएम रामशिरोमणि ने बताया कि लेखपाल से रिपोर्ट मांगी गई है। संवाद