कानपुर। मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर की ओपीडी में डॉक्टर के ड्राइवर की ओर से मरीजों को बाहर की दवा लिखने का वीडियो वायरल होने के बाद सीएमएस ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सीएमएस ने चकेरी थाने में तहरीर दी है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अस्पताल के डॉ. रामकेश का ड्राइवर उनकी गैर मौजूदगी में मरीजों को बाहर की दवाएं लिखता नजर आया था। इस पर सीएमएस डॉ. पीयूष मिश्रा ने डॉ. रामकेश से पूछताछ की और स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि सीएमएस की तहरीर के आधार पर कानपुर देहात के ग्राम अहरौली घाट निवासी ड्राइवर देव प्रताप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।