कानपुर में हो रहे अवैध खनन को लेकर अमर उजाला की मुहिम के बाद प्रशासन हरकत में आया है। महाराजपुर ग्राम सभा के कटरी डोमनपुर गांव में अवैध खनन की सूचना पर प्रशासन ने छापा मारा। जांच में खनन पाए जाने पर लेखपाल ने खनन माफिया राजन सिंह के खिलाफ महाराजपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
शहर से जुड़े ग्रामीण इलाकों में पुलिस और सत्ताधारियों की साठगांठ से खनन का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। पड़ताल करने के बाद अमर उजाला ने इसे मुद्दा बनाया, जिसके बाद प्रशासन की आंखें खुलीं। दो दिन से कटरी डोमनपुर के देवसान खेड़ा में ग्राम सभा की आराजी संख्या 444 पर अवैध खनन किया जा रहा था, ये आराजी संख्या ग्रामसभा के अंतर्गत जलावन लकड़ी के नाम पर दर्ज है।
ग्रामीणों की सूचना पर लेखपाल प्रभांशु द्विवेदी ने मौके पर जांच पड़ताल की। जांच के दौरान ग्राम समाज की जमीन पर 2190 घन मीटर खनन पाया गया। एसडीएम नर्वल ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी और तहसीलदार विनीत कुमार ने भी जांच की लेखपाल को खनन माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने केनिर्देश दिए। शनिवार देर शाम लेखपाल ने महाराजपुर थाने में खनन माफिया राजन सिंह के खिलाफ अवैध खनन की एफआईआर दर्ज कराई। थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बताया कि खनन माफिया की तलाश की जा रही है।