कानपुर। नागरिक सुरक्षा के तीन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आचरण के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। यह कार्रवाई सहायक उपनियंत्रक की शिकायत पर लोकायुक्त की जांच के बाद की गई। इस मामले की जांच एसीपी कोतवाली आशुतोष सिंह करेंगे।
फीलखाना थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नागरिक सुरक्षा के सहायक उपनियंत्रक विष्णु कुमार शर्मा ने सहायक उपनियंत्रक विमलेश यादव, कनिष्ठ सहायक जग प्रसाद और यशोदानगर प्रखंड के तत्कालीन डिवीजनल वार्डन सुरेंद्र वाजपेई पर कदाचार व भ्रष्टाचार के आचरण के आरोप लगाए। जांच लोकायुक्त से कराई गई। जांच के बाद विष्णु कुमार शर्मा ने फीलखाना थाने में तहरीर दी जिसके आधार पर एफआईआर हुई। एसीपी कोतवाली आशुतोष सिंह ने बताया कि जल्द ही वादी और आरोपियों के बयान लिए जाएंगे।