कानपुर। कुलाधिपति की टीम ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के छात्रावास और कार्यालयों की स्थिति देखी। अपनी रिपोर्ट कुलाधिपति को दी। समारोह में उद्बोधन के दौरान कुलाधिपति ने स्थिति बताई। छात्रावास में टीम को गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने तुरंत सफाई का आदेश दिया।
कुलाधिपति ने बताया कि टीम को विभिन्न स्थानों पर लगे अग्निशमन यंत्रों का प्रेशर कम मिला है। कुछ अग्निशमन यंत्रों की अवधि खत्म हो गई थी। महिला छात्रावास में वॉशिंग मशीन और अन्य दो छात्रावासों में आरओ लगाने की आवश्यकता है। वहां कपड़े टांगने की व्यवस्था नहीं मिली।
टीम ने यह भी पाया कि अकादमिक भवन के कक्षों में कोई नहीं था। इसके बावजूद लाइट और पंखे चल रहे थे। छात्रावासों में खानपान की व्यवस्था दुरुस्त मिली। किसी छात्र ने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की।
विवि परिसर में तैनात रहेगी मोबाइल वैन
कुलाधिपति ने चिकित्सा मोबाइल वैन के बारे में बताया। कहा ऐसी एक वैन हर विवि परिसर में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि राज्य भवन में एक एजेंसी ने उन्हें यह वैन दिखाई थी। इसमें सीएचसी, पीएचसी से भी अधिक सुविधा होती है। पीएचसी, सीएचसी में हृदय की जांच के लिए बाहर भेजा जाता है। रोगी का दो-ढाई हजार खर्च हो जाते हैं, लेकिन वैन में पांच डॉक्टर भी रहेंगे जिससे चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
फोटो खिंचवाने आएं आटा, गुड़ लाएं
राज्यपाल ने बताया कि राजभवन लोग आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं। राजभवन में 40 गायें और बछड़े हैं। कहा कि जो आएं अपने साथ पांच किलो गुड़ और पांच किलो आटा लेकर आएं। गाय-बछड़े मजे से गुड़ और आटा खाते हैं।
-
आंगनबाड़ी केंद्रों की दुरुस्त होगी व्यवस्था
राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बैठने की जगह नहीं होती है। दो सौ करोड़ के सीएसआर फंड से 62 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों की की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। डीएम और सीडीओ केंद्रों के कार्यों के शत-प्रतिशत पूरा कराएं। एक कागज पर बच्चे की हैंड राइटिंग दिखाते हुए कहा कि बच्चों के अक्षर ज्ञान पर शिक्षक ध्यान दें। अगर बच्चा अक्षर नहीं बना पाता तो उसे अलग से एक घंटे देकर सिखाएं।