फिल्म निर्माण की जानकारी लेते छात्र।
- फोटो : सीएसजेएमयू
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में आयोजित फिल्म मेकिंग कार्यशाला में छात्रों को शॉर्ट फिल्म बनाने का टास्क दिया गया है। शुक्रवार को छात्रों ने एआई और उसका भविष्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता व शताब्दी वर्ष में कैसा होगा सीएसजेएमयू जैसे विषय पर कैंपस में ही फिल्म की शूटिंग की। छात्रों को अधिकतम तीन मिनट में अपनी कहानी विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करनी होगी।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, रंगशिला प्रोडक्शन और जेआईएमएमसी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यशाला में फिल्म डायरेक्टर अवनीश मिश्रा ने बताया कि छात्र फिल्म बनाते समय कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखें। कहानी लेखक सचिन मालवीय ने हर चरण को विस्तार से समझाया और छात्रों की पटकथा में आ रही कमियों को इंगित किया।
अभिनेता शशि भूषण चतुर्वेदी ने अनुभवों को साझा करते हुए अभिनय की बारीकियों को समझाया और कैमरे के सामने आत्मविश्वास से प्रस्तुत होने के टिप्स दिए। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि प्रथम तीन स्थानों पर आने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यशाला में डॉ. ओम शंकर गुप्ता, डॉ. योगेंद्र पांडेय, डॉ. रश्मि गौतम मौजूद रहीं।