सिखाता है छोटा शहर, शोहरत-दौलत दिलाती है मायानगरी मुंबईः फिल्म डायरेक्टर अनुज तिवारी
Thu, 14 Sep 2017 12:52 PM IST
गौरव शुक्ला, अमर उजाला, कानपुर
सार
- बालाजी टेलीफिल्म्स के लिए कानपुर, देहली सुजानपुर निवासी अनुज ने किया कई टीवी सीरियल्स का निर्माण
- ‘साईं वर्सेज आई’ के बाद थ्रिलर फिल्म ‘द हॉस्टेज’ बड़े पर्दे पर इसी साल रिलीज होने को तैयार
- दो और फिल्मों की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं अनुज तिवारी
तेरह साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले देहली सुजानपुर के अनुज तिवारी अब फिल्म डायरेक्शन की दुनिया में कड़ी मेहनत-लगन से अपना और अपने शहर कानपुर का नाम रोशन कर रहे हैं। एकता कपूर की प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ 10 से ज्यादा टीवी सीरियल्स डायरेक्ट करने वाले अनुज की हाल ही में ‘साईं वर्सेज आई’ फिल्म बड़े पर्दे पर आ चुकी है। तिवारी की दूसरी थ्रिलर फिल्म ‘द हॉस्टेज’ भी इसी साल रिलीज होने को तैयार है।
विज्ञापन
1998-2005 तक लगातार थियेटर किया
फिल्म डायरेक्टर अनुज तिवारी
अनुज ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि कहने को तो कानपुर शहर में कुछ नहीं है लेकिन करने वाले इसी शहर में बहुत कुछ करके और सीखकर मायानगरी मुंबई में सफलता हासिल कर रहे हैं। अनुज ने शहर में ही कई लोकल टीवी सीरियल का निर्माण किया है।
1998 में जब अनुज की उम्र करीब 13 साल की थी तभी उन्होंने भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा कानपुर) के साथ चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर मोहित बरुआ के निर्देशन में करियर शुरू किया था। 2005 तक लगातार थियेटर किया। इसी साल बालाजी टेलीफिल्म्स के जावेद अनवर से मुलाकात हुई।
जावेद के साथ अनुज ने कई लोकल चैनल के साथ शॉर्ट फिल्मों और टीवी सीरियल का निर्माण किया। अनुज ने बताया कि जावेद के साथ वह मुंबई पहुंचे वहीं उन्होंने ज़ी टीवी, लाइफ फोके, स्टार समेत तमाम टीवी चैनलों के लिए सीरियल एपिसोड डायरेक्ट किए।
अनुज तिवारी के निर्देशन में बने टीवी सीरियल
फिल्म डायरेक्टर अनुज तिवारी एक्ट्रेस के साथ
कसम से (ज़ी टीवी), छूना है आसमान (स्टार वन), परिवार (ज़ी टीवी), सात फेरे (ज़ी टीवी), यहां मैं घर-घर खेली (ज़ी टीवी), मिस्टर एंड मिसेज मिश्रा (सहारा वन), केशव पंडित (ज़ी टीवी), प्यार की एक कहानी (स्टार वन), ये इश्क हाये (स्टार वन), सौभाग्यवती भव: (लाइफ ओके), सावधान इंडिया (लाइफ ओके), महाकुंभ (लाइफ ओके)
‘द-हॉस्टेज’ इसी साल हो रही रिलीज
फिल्म डायरेक्टर अनुज तिवारी
डायरेक्टर के रूप में अनुज ने पहली मूवी ‘द-हॉस्टेज’ बनाई इसी फिल्म के निर्माण के बीच में ही ‘साईं वर्सेज आई’ फिल्म मिल गई। ‘साईं वर्सेज आई’ फिल्म तमाम शहरों में रिलीज हो चुकी है। अब इसे जनवरी 2018 में अलग-अलग प्रदेशों और भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। अनुज ने बताया कि अभी वह 2 और फिल्मों की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। एमटीवी इंडीस पर अनुज द्वारा डायरेक्ट किए गए सॉन्ग वीडियो जैसे- ‘लहजा’, ‘ओ मौला’ और ‘एक दास्तान’ ऑन-एयर हो चुके हैं। भारत के पहले हॉरर शॉर्ट फिल्म चैनल डार्कमून के लिए अनुज ने कई शॉर्ट फिल्म्स बनाईं। जिनमें - एमएमएस, रिटर्न गिफ्ट, घोस्ट प्रैंक, पब्लिक टॉयलेट प्रमुख हैं। इनमें ‘पब्लिक टॉयलेट’ शॉर्ट फिल्म को साल की टॉप-9 हॉरर लघु फिल्मों की लिस्ट में भी शामिल किया गया है।
नाम- अनुज तिवारी
जन्म- 03 जून 1985 देहली सुजानपुर, कानपुर
पिता- संतोष कुमार तिवारी (रिटायर्ड पेशकार)
मां- कविता तिवारी (गृहणी)
उपलब्धि- साईं वर्सेज आई बॉलीवुड फिल्म के निर्देशक, फेमस टीवी सीरियल जैसे- ‘महाकुंभ’ और ‘सावधान इंडिया’ का निर्देशन