कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में दिसंबर तक सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश शासन ने जारी किए हैं। इसके साथ ही हर माह रिक्त पदों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी आदेश दिया है।
वहीं सभी संस्थानों में अप्रेंटिसशिप इम्बेडेड डिग्री/डिप्लोमा प्रोग्राम (एईडीपी) को प्रमुखता से शुरू करने को कहा है। यह निर्देश प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी कुलपति और अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।
बैठक में सीएसजेएमयू के प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, प्रो. सुधांशु पांडिया, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा मौजूद रहे। प्रमुख सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए उच्च शिक्षा में कई बदलाव संभव हैं।
सभी विवि अपने परिसर और महाविद्यालयों में रिक्त पदों की रोस्टरवार रिपोर्ट तैयार कर माह के अंत तक शासन को भेजें। जो शिक्षक अगले दो से तीन माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं उनकी भी जानकारी दें, जिससे समय रहते खाली पद भरे जा सकें।
प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस को बढ़ावा देने का निर्देश है। प्रमुख सचिव ने विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों के ग्रास इनरोलमेंट रेसियो की भी जानकारी मांग गई है।