केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्कूलों में सत्र 2019-20 के एडमिशन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रों और अभिभावकों की सहूलियत के लिए वेबसाइट के साथ मोबाइल ऐप भी लांच किया है। आप डेस्कटॉप, लैपटॉप के अलावा मोबाइल से भी केवीएस एडमिशन का फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए आपको केन्द्रीय विद्यालय का ऑफिशल ऐप डाउनलोड करना होगा।
इस ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे कि प्ले स्टोर पर केवीएस के ऑफिशल ऐप से मिलते जुलते कई ऐप मौजूद हैं। इसलिए ध्यान से इस ऐप को डाउनलोड करें। आप kvsonlineadmission.in/apps/ को अपने ब्राउजर में डालकर इसे सर्च कर सकते हैं। इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराना बेहद आसान है।
नया फॉर्म भरने के लिए आपको रजिस्ट्रेशन के लिंक पर क्लिक करना होगा जबकि अगर आप फॉर्म भर चुके हैं तो लॉगिन करके अपने फॉर्म को देख सकते हैं। आपको बता दें कि केवीएस में पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जो 19 मार्च शाम 4 बजे तक चलेगी।
ऑनलाइन दाखिले के फॉर्म को आप ऐप के अलावा वेबसाइट से भी भर सकते हैं। ध्यान रहे कि एडमिशन के लिए केवीएस वेबसाइट अलग है ऑनलाइन दाखिले के लिए फॉर्म केन्द्रीय विद्यालय की ऑफिशल वेबसाइट https://kvsonlineadmission.in/ पर जाकर भर सकते हैं।