यूपी के घाटमपुर में जहरीली शराब पीने के बाद हैलट अस्पताल में भर्ती एक और युवक खदरी गांव निवासी अभिलेख (26) की बुधवार को मौत हो गई। जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है। अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में पुलिस ने बसपा के मंडल कोआर्डिनेटर योगेंद्र कुशवाहा, उसके भाई समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। आधा दर्जन लोगों से पूछताछ हो रही है।
साढ़ चौकी के हेड कांस्टेबल उदय चंद और भीतर गांव चौकी के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है। एसएसपी अनंत देव का कहना है कि सभी आरोपियों पर एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी को संस्तुति के लिए जल्द ही रिपोर्ट भेज दी जाएगी।