फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर में मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट कर दबंग ने उसके मुंह में पिस्टल की नाल डाल दी। विरोध करने पर अपने तीन साथियों की मदद से उसका अपहरण करने का प्रयास किया।
शोर सुनकर कस्बे के लोगों ने घेराबंदी की तो दबंग दुकानदार को छोड़कर कार से भाग गए। पुलिस ने दबंग समेत चार लोगों के खिलाफ मुुकदमा दर्ज कर लिया। कस्बे में स्थानीय निवासी प्रांशु अग्निहोत्री उर्फ गोलू की मशीनरी स्टोर व मोबाइल की दुकान है।
मंगलवार रात गोलू अपनी दुुकान बंद करके बाहर खड़े थे। तभी गांव परतापुर कला निवासी टिंकू यादव कार से अपने तीन साथियों के साथ आया और गोलू से गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर इन लोगों ने गोलू से मारपीट की और टिंकू ने अपनी पिस्टल निकालकर उसके मुंह में घुसेड़ दी।
टिंकू ने गोलू को साथियों की मदद से पकड़वाकर कार में बैठा लिया। ये लोग गोलू के अपहरण की फिराक में थे। शोर सुनकर कस्बे के लोगों ने टिंकू की कार का घेराव कर लिया। इस पर टिंकू दुकानदार को कार से फेंककर चला गया।
पुलिस ने प्रांशु की तहरीर पर टिंकू यादव व उसके तीन साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ जसवंत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई पर वह घर में नहीं मिला।
लेखपाल से मारपीट में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के गांव करनुपर घाट में 30 सितंबर को लेखपाल रमेश कुमार से मारपीट के मुकदमे में वांछित गांव के ही प्रेमपाल व कमलेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेखपाल ने नौ ग्रामीणों के खिलाफ जातिसूचक गालीगलौज कर मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अब तक चार लोगों को पकड़कर जेल भेज चुकी है। पांच अन्य की तलाश की जा रही है।