हिसावां गांव में मारपीट करते लोग।
- फोटो : AKBARPUR
संदलपुर। हिसावां गांव में पुलिस के सामने दो भाइयों को गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीट कर अधमरा कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित कार्रवाई के लिए थाने पहुंचा तो उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में पीड़ित सहित पांच के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर दी।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के हिसावां निवासी अनिल कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि उनके चचेरे भाई मंगली और अमित कुमार मकान का निर्माण करा रहे हैं। गुरुवार को गांव के नरेंद्र कुशवाहा 12 से अधिक लोगों को लेकर वहां पहुंचा और निर्माण कार्य को लेकर गालीगलौज करने लगा। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के सामने ही नरेंद्र व उनके साथियों ने मंगली व अमित को लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस कार्रवाई के बजाए वीडियो बनाती रही।
अनिल कुमार का आरोप है कि दोनों चचेरे भाई रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं, दूसरे पक्ष से तीन लोगों को भी हिरासत में लिया। बाद में पीड़ित व आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में हुई मारपीट के मामले में पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।